आंधी-बारिश से दूसरी मंजिल की दीवार गिरी:हरदोई में नीचे सो रहे 7 लोग हुए घायल, भाजपा नेता ने जाना हाल
![]()
आंधी-बारिश से दूसरी मंजिल की दीवार गिरी:हरदोई में नीचे सो रहे 7 लोग हुए घायल, भाजपा नेता ने जाना हाल
हरदोई में शनिवार रात आंधी-बारिश के दौरान एक मकान की दीवार गिरने से सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के महुईपुरी गांव में हुई। गांव निवासी राजेश के मकान की दूसरी मंजिल की दीवार छप्पर समेत भरभराकर गिर गई। मलबे में राजेश, उनकी पत्नी संगीता, पुत्र मिथिलेश, रितेश, विमलेश, राजेश के भतीजे छोटे भैया और मिथिलेश की पुत्री सौम्या दब गए। हादसे में सभी सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंतररोगी विभाग में भर्ती कर लिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। संबंधित क्षेत्र के लेखपाल ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट तैयार की।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
