![]()
बुलंदशहर में दंपती के घर पर हमला:बहू और परिजनों पर तोड़फोड़, मारपीट का आरोप
बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक दंपती के घर पर हमला और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिजनों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी के पुत्र विकास राठौर का विवाह आशिका उर्फ तनु से हुआ था। आरोप है कि वैवाहिक विवाद के चलते पहले भी उनके खिलाफ थाना सिकंदराबाद में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। पीड़ित ने बताया कि 15 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे आशिका उर्फ तनु अपनी मां सपना के साथ उनके राधानगर स्थित घर पहुंचीं। उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए घर का गेट तोड़ने का प्रयास किया और मोहल्ले के सामने अपशब्द कहे, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई, लेकिन शुरुआती तौर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में महिला पुलिस मौके पर पहुंची, तब भी आरोपियों द्वारा अभद्रता जारी रही। इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल बन गया। आरोप है कि उसी रात करीब 11:15 बजे आशिका उर्फ तनु, उसकी मां और छह अज्ञात लोग दोबारा घर पहुंचे। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की, जिसमें घर का गेट क्षतिग्रस्त हो गया, कार (स्विफ्ट VDI) को नुकसान पहुंचाया गया और बिजली का मीटर भी तोड़ दिया गया। इस दौरान पीड़ित की पत्नी कान्ती देवी के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं। पीड़ित ने पुलिस से इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने बताया है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply