छात्राओं ने देखी पुलिस व्यवस्था:कम्पोजिट विद्यालय की छात्राएं पहुंची थाना हरीपर्वत, केनरा बैंक में भी ली जानकारी
आगरा में “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय श्यामा देवी की छात्राओं के लिए जागरूकता और सशक्तिकरण पर आधारित शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिसमें छात्राओं ने पहले केनरा बैंक, सेंट पीटर ब्रांच का भ्रमण किया, तत्पश्चात थाना हरीपर्वत का दौरा कर सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा। विद्यालय की छात्राओं को केनरा बैंक, सेंट पीटर ब्रांच का भ्रमण कराया गया। जहाँ उन्होंने बैंकिंग प्रक्रिया जैसे खाता खोलना, रुपये जमा करना व निकालना, एटीएम और डिजिटल बैंकिंग आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने बैंक स्टाफ से अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं और बैंकिंग व्यवस्था को नजदीक से समझा। इसके बाद छात्राओं को थाना हरीपर्वत ले जाया गया। जहाँ प्रभारी निरीक्षक श्री नीरज कुमार शर्मा ने बच्चों से इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछे और उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई से ही जीवन की सभी समस्याओं का समाधान संभव है, और बच्चों को सलाह दी कि वे स्कूल के अलावा घर पर रोजाना 6 घंटे पढ़ाई करें। इस दौरान छात्राओं गुलाल, पूजा, तारिणी, खुशी आदि ने अपनी जिज्ञासाएँ भी साझा कीं। थाने में इंस्पेक्टर सुरेंद्र राव ने बच्चों को अपराधियों को पकड़ने और उनकी पहचान करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं सब इंस्पेक्टर कु. वैशाली ने बालिकाओं को मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, वीमेन पावर हेल्पलाइन, पुलिस आपातकालीन सेवा, चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन जैसी सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी। इसके अतिरिक्त सब इंस्पेक्टर श्री अभिषेक कुमार ने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग के बारे में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी निरीक्षक द्वारा बच्चों को चॉकलेट, पेटीज आदि वितरित किए गए। थाने के समस्त स्टाफ द्वारा उत्कृष्ट सहयोग प्रदान किया गया, जिससे बच्चे बहुत खुश और उत्साहित नजर आए। विद्यालय की ओर से प्रधानाध्यापक श्री शिवकुमार शर्मा ने थाना हरीपर्वत के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक गीता, कविता जैन, राजवीर सिंह, रेनू खरे, सरिता जैन, रिचा सिंह आदि शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहीं। इस आयोजन ने बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को प्रबल किया, जो “मिशन शक्ति” अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/wAGism1
Leave a Reply