कानपुर में आंधी-बारिश और ओले गिरे, 3 की मौत:108 पेड़ और 90 बिजली के पोल उखड़े, लगा जाम; शहर में छाया अंधेरा
![]()
कानपुर में आंधी-बारिश और ओले गिरे, 3 की मौत:108 पेड़ और 90 बिजली के पोल उखड़े, लगा जाम; शहर में छाया अंधेरा
कानपुर में तेज आंधी के साथ बारिश और ओले ने तीन लोगों को जान ले ली। काकादेव में ऑटो के ऊपर पेड़ गिरने से ऑटो चालक सहित 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ऑटो चालक सोनू (35) और ऑटो में सवार जमुना देवी (62) शामिल हैं। इसके अलावा जमुना देवी की बेटी ज्योत्सना (30) गंभीर रूप से घायल हो गईं। ज्योत्सना चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में फॉर्म मैनेजर के पद पर तैनात हैं। पेड़ को काटकर सभी को ऑटो से बाहर निकाला गया। साथ ही गेहूं और सरसों की फसलों का काफी नुकसान हुआ है। वहीं, गुजैनी हाईवे पर जलभराव में बाइक फिसलने से पीछे से आ रहे ट्रक ने युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। प्रशासन के मुताबिक गोविंद नगर, फजलगंज, मरियमपुर चौराहा और लाल बंगला समेत कई इलाकों में आंधियों के कारण करीब 108 पेड़ और 90 बिजली के पोल उखड़ गए। इससे शहर में अंधेरा छा गया। बारिश के बाद सड़कों पर भीषण जाम लग गया, जिसमें एम्बुलेंस तक फंस गई। तेज बारिश के कारण हैलट हॉस्पिटल के परिसर में पानी भर गया। जलभराव के बीच स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को स्टेचर पर ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, आर्यनगर में एक घर का छज्जा गिरकर कार की छत पर आ पड़ा, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, कानपुर में अब तक 21.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले 2 अप्रैल 2023 को शहर में 33.8 मिमी बारिश हुई थी।
देखिए 5 तस्वीरें…
5 अप्रैल तक रहेगा ऐसा ही मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, बारिश से तापमान में और गिरावट आएगी। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 5 अप्रैल तक बना रह सकता है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
