एलएलबी छात्र की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज:दोस्तों पर प्रताड़ना का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
![]()
एलएलबी छात्र की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज:दोस्तों पर प्रताड़ना का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ के गोमतीनगर मैं लब छात्र के आत्महत्या के मामले में पुलिस ने चार दोस्तों पर मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पिता हाईकोर्ट अधिवक्ता जय बहादुर सिंह की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में की गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। विनीतखंड निवासी एलएलबी छात्र सुयश सिंह की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों के मुताबिक 10 मार्च की रात करीब 10:30 बजे सुयश घर से दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकला था। रात 11:16 बजे वह वापस लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। अगले दिन सुबह 9:42 बजे परिजनों ने उसे कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पिता ने बताया कि मौके से बरामद बेटे के मोबाइल पर बार-बार कॉल आ रही थी। फोन उठाने पर कॉल करने वाली युवती ने अपना नाम खुशी बताया, जिसके बारे में परिवार को पहले से कोई जानकारी नहीं थी। इसके अलावा अनंत यादव, आदि चौधरी व एक अन्य युवक सुयश के करीबी दोस्त थे और घर पर अक्सर आना-जाना था। आरोप है कि घटना के बाद से अनंत यादव एक बार भी घर नहीं आया। परिजनों के अनुसार 27 जनवरी से 7 फरवरी के बीच सुयश इन्हीं दोस्तों के साथ नेपाल घूमने भी गया था। पिता ने आशंका जताई है कि घटना वाली रात दोस्तों ने उसे मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उसने आहत होकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि नामजद आरोपियों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजी गई है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
