बिधूना में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता ने की आत्महत्या:गैस खत्म होने पर पति से कहासुनी के बाद लगाई फांसी
![]()
बिधूना में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता ने की आत्महत्या:गैस खत्म होने पर पति से कहासुनी के बाद लगाई फांसी
औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ताजपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम करीब 6 बजे घरेलू गैस सिलेंडर न मिलने और मामूली सी बात पर हुए विवाद के बाद एक 26 वर्षीय विवाहिता ने फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अब जानिए पूरी घटना… जानकारी के अनुसार, ताजपुर निवासी मोहित की शादी वर्ष 2023 में तिस्ती निवासी रीना (26 वर्ष) के साथ हुई थी। दोनों की डेढ़ साल की एक मासूम बेटी ‘मिस्टी’ है। बताया जा रहा है कि शनिवार को घर में रसोई गैस खत्म होने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। सिलेंडर न मिलने पर हुआ विवाद पति मोहित ने बताया कि घर में दो-तीन दिन से गैस खत्म थी। शनिवार को वह गैस लेने गया था, लेकिन नंबर आने के बावजूद उसे गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। शाम करीब 5 बजे जब वह खाली हाथ घर लौटा, तो पत्नी रीना ने उलाहना देते हुए कहा, “तुम बस घूमते रहते हो, घर का कोई काम नहीं करते, जानवरों को चारा-पानी नहीं हुआ।” इसी मामूली कहासुनी के बाद मोहित घर से सब्जी लेने बाजार चला गया। दुपट्टे के फंदे से दी जान पति के बाहर जाते ही रीना ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने घर के ऊपरी कमरे में जाकर अपने दुपट्टे से फंदा बनाया और उस पर झूल गई। जब पति वापस आया, तो रीना का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और मायके पक्ष को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया- पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।”
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
