घाटमपुर में ठेकेदार ने पालिकाध्यक्ष पति पर लगाए गंभीर आरोप:समाधान दिवस में 133 में सिर्फ 11 शिकायतों का निस्तारण
![]()
घाटमपुर में ठेकेदार ने पालिकाध्यक्ष पति पर लगाए गंभीर आरोप:समाधान दिवस में 133 में सिर्फ 11 शिकायतों का निस्तारण
घाटमपुर में नगर पालिका से जुड़े एक ठेकेदार ने पालिकाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान एडीएम (आपूर्ति) राजेश कुमार को दी गई शिकायत में ठेकेदार हरी नारायण सिंह ने कहा कि उनका करीब आठ लाख रुपये का बकाया भुगतान रोका गया है और साथ ही लाइसेंस का नवीनीकरण भी लंबित रखा गया है। शिकायत में ठेकेदार ने आरोप लगाया कि पालिकाध्यक्ष उनके साथ पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि उनके साथ धार्मिक आधार पर भेदभाव किया जा रहा है। कई बार मौखिक और लिखित अनुरोध करने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है। वहीं, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कलीम ने भी समाधान दिवस में कई मुद्दे उठाए। उन्होंने ग्राम सभा की जमीनों पर अवैध कब्जों को हटाने और कस्बे में चल रही मानक विहीन शराब की दुकानों को स्कूलों व धार्मिक स्थलों से दूर स्थानांतरित करने की मांग की। सम्पूर्ण समाधान दिवस में इस बार कुल 133 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें राजस्व विभाग की 48 और पुलिस विभाग की 40 शिकायतें सबसे अधिक रहीं। हालांकि मौके पर महज 11 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका, जिससे बाकी मामलों में कार्रवाई लंबित रही। इस दौरान एसडीएम अविचल प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
