भारतेंदु नाट्य अकादमी मना रही 50वीं वर्षगांठ:लखनऊ में 5 अप्रैल से शुरू होगा भव्य रंगमंच उत्सव
![]()
भारतेंदु नाट्य अकादमी मना रही 50वीं वर्षगांठ:लखनऊ में 5 अप्रैल से शुरू होगा भव्य रंगमंच उत्सव
उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक लखनऊ में रंगमंच का बड़ा उत्सव शुरू होने जा रहा है। भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह मनाने जा रही है। इसे लेकर अकादमी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा साझा की गई। अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी और निदेशक बिपिन कुमार ने बताया कि 5 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक यह भव्य समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 5 अप्रैल को सुबह 11 बजे अकादमी परिसर स्थित राज बिसारिया प्रेक्षागृह में होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। देश के प्रमुख थिएटर प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल हो गया प्रेस वार्ता में बताया गया कि बीएनए की स्थापना वर्ष 1975 में महान साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की स्मृति में की गई थी। 1976 से यहां नियमित नाट्य प्रशिक्षण शुरू हुआ और 1981 में दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम की शुरुआत के साथ यह संस्थान देश के प्रमुख थिएटर प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल हो गया।अकादमी के संस्थापक अध्यक्ष अमृत लाल नागर और संस्थापक निदेशक राज बिसारिया का योगदान विशेष रूप से अहम रहा है। उनके प्रयासों से उत्तर भारत में आधुनिक रंगमंच को नई पहचान मिली और कई प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच मिला। उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाता है यहां अभिनय, वॉइस एंड स्पीच, माइम, स्टेज क्राफ्ट, लाइट डिजाइन, निर्देशन और प्रोडक्शन जैसे विषयों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाता है। आधुनिक स्टूडियो थिएटर, ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी और ऑडियो-विजुअल सुविधाओं के साथ बीएनए आज देश के शीर्ष संस्थानों में गिना जाता है। इसे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के बाद दूसरा प्रमुख नाट्य प्रशिक्षण केंद्र माना जाता है। प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा नाट्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी स्वर्ण जयंती समारोह को भव्य बनाने के लिए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने हाल ही में अकादमी का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। समारोह के दौरान देश-विदेश के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा नाट्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रतिदिन दो शिफ्ट में मंचन होगा।समारोह के दौरान 10 अप्रैल को राज्यपाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। अकादमी प्रशासन ने कला प्रेमियों, रंगकर्मियों और आमजन से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
