SSP ऑफिस के सामने जहर खाने के मामले में कार्रवाई:दरोगा मुकेश तोमर लाइन हाजिर, महिला का चल रहा इलाज
![]()
SSP ऑफिस के सामने जहर खाने के मामले में कार्रवाई:दरोगा मुकेश तोमर लाइन हाजिर, महिला का चल रहा इलाज
बदायूं में पुलिस उत्पीड़न से परेशान एक महिला द्वारा एसएसपी कार्यालय के सामने जहर खाने के मामले में दरोगा की लापरवाही सामने आई है। एसएसपी ने दरोगा मुकेश तोमर को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई सीओ उझानी सुनील सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। मूसाझाग थाना क्षेत्र के नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड नंबर 5 निवासी रामभरोसे शर्मा का परिवार दो दिन पहले गुरुवार को पलायन कर गया था। यह परिवार अपना घरेलू सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों के सामने मोहल्ले के अर्पित पटेल उर्फ भोला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि अर्पित पटेल आए दिन उनके घर में घुसकर मारपीट करता था और उनके बेटों को परेशान करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अर्पित पटेल ने उनके एक बेटे पर जानलेवा हमले का झूठा मामला दर्ज कराया है। एसएसपी ने परिवार को जांच का आश्वासन दिया था। इसके बाद कार्यालय से बाहर आकर रामभरोसे शर्मा की पुत्रवधू सुनीता शर्मा ने विषाक्त पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामले की जांच में दरोगा मुकेश तोमर की लापरवाही सामने आई। उन पर आरोप है कि उन्होंने इस पूरे मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई और पुलिस विभाग की छवि खराब हुई। इसी आधार पर उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। वहीं, अर्पित पटेल उर्फ भोला ने भी रामभरोसे शर्मा के परिवार पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
