गोरखपुर से 4000 शिक्षक दिल्ली रैली में पहुंचे:TET मुक्ति की मांग को दी ताकत, सरकार से जल्द फैसले की मांग
![]()
गोरखपुर से 4000 शिक्षक दिल्ली रैली में पहुंचे:TET मुक्ति की मांग को दी ताकत, सरकार से जल्द फैसले की मांग
गोरखपुर मंडल से करीब 4000 शिक्षक TET मुक्ति की मांग को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई बड़ी रैली में शामिल हुए। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में हुई इस रैली में देशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे और अपनी मांग को जोर से उठाया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के गोरखपुर मंडल के मंडलिक मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा ने बताया कि गोरखपुर मंडल के शिक्षक एकजुट होकर दिल्ली पहुंचे। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से रैली में हिस्सा लिया और TET मुक्ति की मांग को जोर से उठाया। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा शिक्षकों के सम्मान से जुड़ा है, इसलिए सभी शिक्षक इसे लेकर गंभीर हैं। देशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक जुटे
रामलीला मैदान में हुई इस रैली में देश के 21 राज्यों से करीब एक लाख शिक्षक शामिल हुए। जम्मू से लेकर कन्याकुमारी और मुंबई से लेकर बंगाल तक के शिक्षक एक साथ आए। सभी ने केंद्र सरकार से मांग की कि TET मुक्ति को लेकर जल्द निर्णय लिया जाए। शिक्षक नेताओं ने रखी अपनी बात
रैली में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर शिक्षकों का जुटना बताता है कि यह बहुत बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव राम मूर्ति ठाकुर ने कहा कि पूरे देश के शिक्षक अब एकजुट हैं और सरकार से जल्द कार्रवाई चाहते हैं। रैली में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि शिक्षक देश के लिए बहुत जरूरी हैं और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि TET से जुड़ा मामला प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री तक पहुंचाया जाएगा, ताकि इसका समाधान निकाला जा सके। अनुशासन के साथ किए प्रदर्शन
ज्ञानेंद्र ओझा ने बताया कि रैली में काफी भीड़ थी, जिससे आसपास के इलाकों में जाम भी लगा। लेकिन शिक्षकों ने अनुशासन बनाए रखा, जिससे पुलिस प्रशासन को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया।
रैली में शामिल होकर लौटे गोरखपुर के शिक्षकों ने कहा कि अगर जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि TET मुक्ति को लेकर अब पीछे नहीं हटेंगे और जरूरत पड़ी तो बड़े स्तर पर फिर से आवाज उठाई जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
