हाथरस में वकील के घर मिला युवक का शव:पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी, वकील को लिया हिरासत में
![]()
हाथरस में वकील के घर मिला युवक का शव:पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी, वकील को लिया हिरासत में
हाथरस के विवेकानंद नगर में आज सुबह एक वकील के घर के अंदर एक युवक लहुलुहान हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के संबंध में पुलिस ने वकील तरुण शर्मा को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अनुराग ज्योति के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह आरटीआई एक्टिविस्ट भी था और पिछले कुछ समय से शराब का सेवन करने लगा था। वह अक्सर शहर के शेल्टर होम में रहता था और नशे की हालत में घूमता रहता था। मृतक के परिजनों से संपर्क कर रही पुलिस… पुलिस के अनुसार, अनुराग ज्योति के परिवार के लोग यहां नहीं रहते हैं। पुलिस उनसे संपर्क साधने का प्रयास कर रही है ताकि आगे की जांच की जा सके। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मृतक के शव का पोस्टमार्टम गृह भिजवाया गया है। पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि इस वकील की इस आरटीआई एक्टिविस्ट से मित्रता थी। रात में दोनों ने घर पर ही शराब पी और उसके बाद किसी बात को लेकर दोनों में आपस में विवाद हो गया। इसी विवाद में इस वकील ने इस आरटीआई एक्टिविस्ट को जमकर पीटा। इसी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस को तहरीर का इंतजार इधर, 15 साल पहले इस वकील पर एक शादी समारोह में फायरिंग करने का अभी आरोप लगा था। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी और इस मामले में यह वकील जेल भी गया था। अभी मृतक के परिजन आए नहीं हैं। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
