नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस से कटकर महिला की मौत:लोको पायलट ने स्टेशन प्रशासन को जानकारी दी; सरयू ब्रिज के पास हादसा
![]()
नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस से कटकर महिला की मौत:लोको पायलट ने स्टेशन प्रशासन को जानकारी दी; सरयू ब्रिज के पास हादसा
गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अज्ञात महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सरयू घाट चौकी के अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर हुआ। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि कटरा रेलवे स्टेशन से मेमो के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी। नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस के लोको पायलट ने शनिवार दोपहर करीब तीन बजे स्टेशन प्रशासन को महिला के ट्रेन से कटने की जानकारी दी। हादसा सरयू ब्रिज के पास कटरा की ओर हुआ, जहां महिला का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पुल के नीचे से शव को रस्सी की मदद से निकाला। पुलिस शिनाख्त में जुटी मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ (विक्षिप्त) प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने महिला आरक्षी की मौजूदगी में नियमानुसार पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के थानों को भी इस मामले में सूचित कर दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी जा सके।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
