लखनऊ में युवती को एसिड अटैक की धमकी:शादी डॉट कॉम पर युवक से पहचान हुई, बुरी आदतें पता चलने पर तोड़ा रिश्ता
![]()
लखनऊ में युवती को एसिड अटैक की धमकी:शादी डॉट कॉम पर युवक से पहचान हुई, बुरी आदतें पता चलने पर तोड़ा रिश्ता
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक युवती को शादी डॉट कॉम के जरिए मिले युवक ने रिश्ता टूटने पर एसिड अटैक की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पुलिस की चेतावनी के बावजूद अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। तंग आकर युवती ने शिकायत दर्ज कराई है। नरही निवासी पीड़िता ने बताया उसकी पहचान करीब चार महीने पहले शादीडॉटकॉम के जरिए आलमबाग निवासी आशीष गौतम से हुई थी। शुरुआती बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को नशा न करने वाला बताया, लेकिन बाद में उसकी आदतों और आपराधिक प्रवृत्ति की जानकारी होने पर युवती ने उससे रिश्ता तोड़ दिया। ब्लॉक करने के बाद शुरू हुई धमकियां
पीड़िता का आरोप है कि संपर्क तोड़ने के बाद आरोपी अलग-अलग नंबरों से कॉल और मैसेज कर उसे परेशान करने लगा। नौकरी पर जाते समय रास्ते में रोककर उसका मोबाइल छीन लिया और उसके मंगेतर व रिश्तेदारों के नंबर निकाल लिए। एसिड अटैक और बदनाम करने की धमकी
युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे एसिड डालने, व्हाट्सऐप चैट वायरल कर बदनाम करने और शादी होने पर पति की हत्या करने तक की धमकी दी। डर के कारण 1090 पर शिकायत की। जिसके बाद कुछ समय तक आरोपी शांत रहा, लेकिन फिर से नए नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए धमकियां देने लगा। मंगेतर और स्टाफ को भी भेजे धमकी भरे मैसेज आरोपी ने उसके मंगेतर को भी इंस्टाग्राम पर हत्या से जुड़ी वीडियो लिंक भेजी। आरोपी उसके ऑफिस स्टाफ को भी मैसेज कर कहा कि शादी के बाद युवती को विधवा कर देगा। आरोपी कई फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा। आरोपी से तंग आकर पुलिस शिकायत की। पुलिस ने समझाया इसके बावजूद आरोपी की हरकतें जारी रहीं। हरकतों से तंग आकर युवती ने घर से निकलना तक छोड़ दिया। युवती ने बताया उसकी सगाई हो चुकी है। शादी तय है, ऐसे में लगातार मिल रही धमकियों से उसका वैवाहिक जीवन भी खतरे में पड़ गया है। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
