9 महीने के बच्चे की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार:पत्नी के बार-बार मायके जाने से गुस्से में था, कुल्हाड़ी से किया था हमला
![]()
9 महीने के बच्चे की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार:पत्नी के बार-बार मायके जाने से गुस्से में था, कुल्हाड़ी से किया था हमला
सुलतानपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और नौ माह के बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में नौ माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शंभूलाल और उसकी पत्नी रंजू के बीच अक्सर पारिवारिक कलह होती रहती थी। रंजू अक्सर मायके या अन्य रिश्तेदारों के यहां चली जाती थी, जिससे शंभूलाल नाराज रहता था। शंभूलाल पहले भी कई बार रंजू के साथ मारपीट कर चुका था। यह घटना 3 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे कुड़वार थाना क्षेत्र के मड़हा गांव में हुई। घटना वाले दिन रंजू मायके से लौटी थी, जिसके बाद पति-पत्नी में फिर झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर शंभूलाल कोरी पुत्र दयाराम कोरी ने अपनी पत्नी रंजू और नौ महीने के बेटे रिवांश पर जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से वार किया। हमले में रंजू और रिवांश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सीएचसी कुड़वार ले जाया गया। वहां से रिवांश को जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पत्नी रंजू की तहरीर पर थाना कुड़वार में शंभूलाल कोरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कुड़वार पुलिस टीम ने 4 अप्रैल को आरोपी शंभूलाल कोरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
