जमीन विवाद में दो गुटों में जमकर मारपीट:गोंडा में गिराकर लात-घूंसे बरसाए, महिला को भी पीटा
![]()
जमीन विवाद में दो गुटों में जमकर मारपीट:गोंडा में गिराकर लात-घूंसे बरसाए, महिला को भी पीटा
गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गायत्री पुरम में जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में फय्याज अहमद और उनकी पत्नी साबरीन को नियाज, मुहम्मद अहमद, मेराज और मोहम्मद यार ने पीटा। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। मारपीट के दौरान फय्याज अहमद बेहोश हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाने के बजाय, परिजन एक ई-रिक्शा बुक करके सीधे नगर कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। नगर कोतवाली पुलिस ने तत्काल परिजनों को गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाकर इलाज करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद फय्याज को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मारपीट और वाद-विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों गुट एक-दूसरे से मारपीट करते दिख रहे हैं। फय्याज की पत्नी साबरीन ने नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि जमीनी विवाद में सुलह समझौते के बहाने आरोपी उनके घर आए। उन्होंने बातचीत के लिए उनके पति को घर के बाहर बुलाया और मारपीट शुरू कर दी। जब उनके पति जान बचाकर घर की ओर भागे, तो आरोपियों ने घर में घुसकर भी मारपीट की और बेइज्जत करने की नीयत से उनके कपड़े फाड़ दिए। साबरीन की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह इन लोगों का आपसी विवाद है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
