REEL बनाते समय तमंचे से फायर, युवक की मौत, VIDEO:लखीमपुर में पेट में गोली लगते ही गिरा, हाथ को घाव पर रखकर चिल्लाने लगा
![]()
REEL बनाते समय तमंचे से फायर, युवक की मौत, VIDEO:लखीमपुर में पेट में गोली लगते ही गिरा, हाथ को घाव पर रखकर चिल्लाने लगा
लखीमपुर में रील बनाने समय तमंच से गोली चलने पर युवक की मौत हो गई। घटना का शनिवार को वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि तमंचे का ट्रायल करते समय अचानक गोली चल गई। गोली सीधे युवक के पेट में लगी। युवक चिल्लाते हुए गिर गया। अपने दोनों हाथ को घाव पर रखकर खून रोकने की कोशिश करने लगा। गंभीर हालत में दोस्तों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी गुरुवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। दो युवकों को हिरासत में लिया। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। पहले दो फोटो देखें…
अब जानिए पूरा मामला… सुआगाड़ा गांव में अनिल कुमार झा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया, उनका बेटा अंश कुमार झा (17) 30 मार्च की शाम 8 बजे दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात अंश ने फोन पर बताया वह अपने एक दोस्त की मां का इलाज कराने के लिए लखनऊ गया है। अगले दिन सुबह उसने फिर फोन कर बताया कि वह लखनऊ से वापस आ रहा है। 31 मार्च की दोपहर करीब ढाई बजे अंश ने फिर फोन किया और बताया कि उसकी तबीयत खराब है। उसे जनशक्ति अस्पताल, गोला रोड लखीमपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। यहां अंश के दोस्त शुभम कुमार और नितिन सिंह उर्फ मिक्कू समेत अन्य साथी मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में अंश के दोस्तों और स्टाफ ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी। पूछने पर बताया गया अंश का इलाज पटाखों से जलने के कारण चल रहा है। 31 मार्च की रात करीब एक बजे डॉक्टरों ने परिजनों को फोन कर अंश की बिगड़ती हालत के बारे में बताया। उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार वाले उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ लेकर पहुंचे। वहां एक्स-रे जांच में खुलासा हुआ कि अंश के पेट में गोली लगी थी। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। 2 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर सही जानकारी मिल जाती तो बेहतर इलाज से अंश की जान बच सकती थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुभम कुमार और नितिन सिंह को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अपहरण, हत्या और साक्ष्य छुपाने का आरोप अंश के चाचा सुनील कुमार उर्फ सोनू ने आरोप लगाया है कि अंश का अपहरण कर उसकी हत्या की गई। बाद में साक्ष्य छुपाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि इस घटना में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। अंश कुमार झा के दादा देव लखन झा उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड हैं। अंश शहर के धर्मसभा इंटर कॉलेज का छात्र था। उसने कक्षा 11वीं पास करने के बाद इस साल इंटर में एडमिशन लिया था। बेटे की मौत से मां रेनू झा, भाई वंश झा, दादी रतन माला झा समेत पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस हिरासत में लिए दो दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
