राजभवन में पहली बार हुआ 5100 कन्याओं का पूजन:नवरात्रि के पर्व पर विशेष 100 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन
प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से गुरुवार को राजभवन एक ऐतिहासिक अवसर का गवाह बना। प्रेरणा संस्था के सौजन्य से 5100 कन्याओं का पूजन और 100 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य की रक्षा और उन्हें संस्कारित एवं शिक्षित बनाकर सशक्त समाज की नींव रखना है। बालिकाओं के लिए संदेश राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों के सामने कई चुनौतियां होती हैं, इसलिए उन्हें शिक्षित, संस्कारित और स्वस्थ रखना सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने माता-पिता से आह्वान किया कि बेटियों को अच्छी शिक्षा दें, संस्कार दें और उन्हें समाज की नकारात्मकता से बचाएं। 50 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा सम्पन्न बनाया राज्यपाल ने बताया कि राजभवन के माध्यम से 50,000 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा सम्पन्न बनाया गया है। इसके अलावा सड़कों पर भिक्षा मांगने वाले 80 बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनका नामांकन स्कूलों में कराया गया और उन्हें कौशल शिक्षा भी दी जा रही है। एचपीवी वैक्सीनेशन का विशेष अभियान गरीब परिवारों के लिए एचपीवी वैक्सीन महंगी होने के कारण राजभवन ने समाज और विश्वविद्यालयों के सहयोग से 50,000 से अधिक बालिकाओं को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई है। यह अभियान बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान कर रहा है। सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है राजभवन राज्यपाल ने कहा कि राजभवन जनता का है और यहाँ लगातार सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियां होती रहती हैं। इनमें गरबा, विद्यालयों की खेल प्रतियोगिताएं, किसानों के लिए फ्लावर शो और उत्पाद प्रदर्शनी जैसे आयोजन शामिल हैं। अतिथियों ने सराहा कार्यक्रम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राजभवन भारतीय परंपराओं की रक्षा का केंद्र बन गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के प्रचारक अनिल कुमार ने कहा कि भारत ही एकमात्र देश है जहां नारी को शक्ति स्वरूप माना जाता है और उनकी पूजा की जाती है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply