मिशन शक्ति 5.0 के तहत सम्भल में छात्राओं की पहल:जागरूकता रैली में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

सम्भल में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस प्रशासन के सहयोग से स्कूल-कॉलेज की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला सुरक्षा दल की टीमें कस्बों, बाज़ारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराया। महिला पुलिसकर्मियों ने आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, विमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपात सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के पंपलेट भी बांटे गए। इनमें कन्या सुमंगला योजना, उज्जवला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी दी गई। महिला पुलिस टीमों ने चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान किया।
एसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है। यह अभियान जिले में निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। तस्वीरें देखिए…

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर