![]()
औरैया में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार की मौत:दोस्त के घर से वापस लौट रहा था युवक, पाड़री बाबा मंदिर के सामने हादसा
औरैया के फफूंद में देर रात एक सड़क दुर्घटना में 32 वर्षीय नितिन राजपूत की मौत हो गई। उनकी बाइक सड़क के बीच खड़ी एक खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। फफूंद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। नितिन राजपूत (32) पसईपुर केशमपुर के मजरा नुन्हा के निवासी थे। वह देर शाम फफूंद में एक दोस्त के घर कार्यक्रम में गए थे और वहां से देर रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। यह दुर्घटना केसमपुर स्थित पाड़री बाबा मंदिर के ठीक सामने हुई। आलू से लदी एक खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के बीच में खड़ी थी, जिससे नितिन की बाइक सीधे जा टकराई। इस टक्कर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फफूंद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक नितिन अपने पीछे पत्नी मंजू राजपूत और दो बच्चे छोड़ गए हैं। मृतक की पत्नी मंजू राजपूत ने बताया कि नितिन देर शाम फफूंद में एक दोस्त के बुलावे पर कार्यक्रम में गए थे। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली का बेरिंग टूट जाने के कारण वह सड़क के बीच में खराब खड़ी थी। चालक आलू से लदी ट्रॉली को सड़क पर छोड़कर वहीं सो गया था। टक्कर होने के बाद भी उसे घटना का पता नहीं चला, जिसे बाद में पुलिस ने उठाया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क के किनारे हटवाया। यह ट्रैक्टर-ट्रॉली इटावा स्थित यादव कृषि फार्म हाउस की बताई जा रही है और फफूंद से इटावा की ओर आलू लेकर जा रही थी।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply