भास्कर अपडेट्स:वोटर लिस्ट में नाम हटाने-जोड़ने के लिए OTP जरूरी होगा, गड़बड़ी रोकने के लिए EC का कदम
निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट से नाम हटाने या जोड़ने की प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकने के लिए नया ई-वेरिफिकेशन सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत अब अगर कोई व्यक्ति वोटर लिस्ट से किसी का नाम हटाने या जोड़ने की आपत्ति दर्ज करता है, तो उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि कई बार ऐसा होता है कि कोई व्यक्ति किसी और का नाम या मोबाइल नंबर देकर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर देता है। नया फीचर इस तरह की गड़बड़ी को रोकने में मदद करेगा। यह फीचर एक हफ्ते पहले लागू किया गया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने साफ किया है कि यह कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट में वोटर लिस्ट से नाम हटाने की गलत कोशिशों के जवाब में नहीं किया गया है।
आज की अन्य बड़ी खबरें… 10.91 लाख रेल कर्मियों को 78 दिन का बोनस, केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दी रेलवे के 10.91 लाख कर्मियों को 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस मिलेगा। केंद्रीय कैबिनेट ने त्योहारों के बीच बुधवार को इसकी मंजूरी दी। यह बोनस नॉन-गजटेड कर्मियों को मिलेगा। इसमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, गार्ड, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन और ग्रुप सी के अन्य कर्मचारी शामिल हैं। पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपए तक का बोनस मिलेगा। कैबिनेट ने सरकारी मेडिकल कॉलेज अपग्रेड करने की योजना को भी मंजूरी दी। इसके तहत देशभर के मेडिकल कॉलेजों में 5 हजार पीजी सीटें बढ़ाई जाएंगी। मौजूदा सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 5,023 एमबीबीएस सीटें बढ़ाई जाएंगी।
Source: देश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply