पटना के बिहटा में रविवार देर रात नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने ट्रैफिक पुलिस टीम और मृतक के परिजनों को कुचलने का प्रयास किया। घटना बिहटा थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव के पास की है। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी राजकुमार राय के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार चालक आनंदपुर गांव निवासी बैधनाथ राय का पुत्र रामायण कुमार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को पीछा कर दबोच लिया और ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है। हादसे की जांच के दौरान हुआ हमला मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले आनंदपुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। उसी मामले के सत्यापन के लिए ट्रैफिक पुलिस टीम मृतकों के परिजनों के साथ घटनास्थल पर जांच कर रही थी। इसी दौरान बिहटा से मनेर की ओर जा रहा ट्रैक्टर अचानक मौके पर पहुंचा। आरोप है कि चालक नशे में था और उसने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों को रौंदने का प्रयास किया। लोग किसी तरह सड़क किनारे कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन राजकुमार राय ट्रैक्टर की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज जारी घायल को तुरंत बिहटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शराब के नशे में धुत चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया है। घायल और पुलिस की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/Dphk1eZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live