भास्कर न्यूज|शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत जाखर धरमपुर पंचायत के धरमपुर गांव में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में श्री श्री 108 शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ, पांच दिवसीय प्रवचन एवं श्रीराम कथा सह शिव कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के प्रथम दिन 1001 कन्याओं, महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सुबह में श्रद्धालुओं का जत्था करेंह नदी के बिशनपुर घाट पहुंचा, जहां विद्वान पंडितों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद गाजे बाजे, ढोल ताशा के साथ भव्य नगर भ्रमण किया गया। कलश यात्रा श्री राम जानकी मंदिर, डिहवार स्थान सहित विभिन्न देवी देवताओं के स्थलों की परिक्रमा करते हुए यज्ञ मंडप पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई। पंडितों ने वैदिक रीति से पूजा अर्चना कर शिव पुराण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। यज्ञ के मुख्य यजमान के रूप में अमरजीत झा, गौतम झा, राकेश कुमार, हनुमान कुमार, विकास कुमार, आर्य बिरजू दास सहित कुल 11 मुख्य यजमान अपनी धर्मपत्नी के साथ पूरे विधि विधान से रविवार से गुरुवार तक अनुष्ठान में सहभागी रहेंगे। कन्याओं, महिलाओं एवं पुरुषों ने लाल, पीले एवं अन्य रंग बिरंगे पारंपरिक वस्त्र धारण किए थे, जो आकर्षण का केंद्र बने रहे। भक्तों के उत्साह और अनुशासन ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। रविवार 22 फरवरी को मातृका पूजा के उपरांत शिवलिंग को पालकी में विराजमान कर पूरे गांव में नगर भ्रमण कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गंगाजल से जलाभिषेक किया गया। सोमवार 23 फरवरी को शिवलिंग का अनावरण अनवास कार्यक्रम संपन्न होगा। 26 को होगी प्राण-प्रतिष्ठा : मंगलवार 24 फरवरी को पुष्पा दिवस, बुधवार 25 फरवरी को फला दिवस एवं गुरुवार 26 फरवरी को शिव प्राण प्रतिष्ठा और संध्यावास का आयोजन किया जाएगा। अंतिम दिन विशेष पूजा, हवन एवं पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन होगा। इस अवसर पर अयोध्या धाम से पधारे संत श्यामानंद जी महाराज एवं हरिदास जी महाराज प्रतिदिन संध्या 4 बजे से रात्रि 7 बजे तक प्रवचन करेंगे। उनके मुखारविंद से श्रीराम कथा एवं शिव कथा के विभिन्न प्रसंगों का रसपान श्रद्धालु करेंगे। मौके पर ललित कुमार झा, पवन महतो, विमलेंदु विमल, सौरभ कुमार, मदन महतो, बैंक यादव, मणिकांत यादव, सचिन दास, गणेश झा, संजय महतो एवं पूर्व मुखिया आनंद भूषण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। शाहपुर पटोरी| नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 में रविवार को मां काली एवं शिव-पार्वती प्राण प्रतिष्ठा पूजन उत्सव समारोह की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा उत्क्रमित मध्य विद्यालय हसनपुर सूरत के समीप से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए हसनपुर सूरत टांडा पहुंची। यात्रा में शामिल महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। श्रद्धालु ‘जय मां काली’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर रहे थे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को पंचांग पूजन एवं विधि पूजन, मंगलवार को अधिवासन , बुधवार को नगर भ्रमण पूजन तथा गुरुवार को मां काली की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। इसके उपरांत अष्टजाम का भी आयोजन किया गया है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। समारोह को लेकर पूरे वार्ड क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मौके पर मुखिया नविता कुमारी, अरुण राय, मनोज राय सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
https://ift.tt/UMIPQcy
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply