अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सूची किसी थाने में नहीं

बुजुर्गों की सूची बनाना और सुरक्षा अनिवार्य पटना के किसी भी थाने में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सूची उपलब्ध नहीं है। इससे ऐसे बुजुर्गों की समस्याओं की जानकारी थाने के अधिकारियों को नहीं मिल पाती। पाटलिपुत्र, एसकेपुरी, कोतवाली, गांधी मैदान, बुद्धा कॉलोनी, कंकड़बाग और पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में सबसे अधिक बुजुर्ग रहते हैं। अकेले रहने वाले बुजुर्गों की स्थिति को लेकर दैनिक भास्कर ने पटना के 11 थानों की पड़ताल की और बुजुर्गों से भी बातचीत की। जांच में सामने आया कि किसी भी थाने में अकेले रहने वाले बुजुर्गों से संबंधित अलग से कोई सूची या रजिस्टर नहीं है। सभी थानों के ओडी प्रभारी ने कहा कि बुजुर्गों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, लेकिन उनकी समस्याओं का अलग से रजिस्टर नहीं रखा जाता। अकेले रहने वालों पर बदमाशों की नजर केस-1 जमुना अपार्टमेंट में रहने वाली 80 वर्षीय डॉ. वीना भाटिया ने पाटलिपुत्र थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनके पति का निधन हो चुका है और वह अकेली रहती हैं। उनके नाम पर एक फ्लैट और सात दुकानें हैं। बताया जाता है कि जब वह दुकानों को बेचना चाहती थीं, तभी एक दलाल उनके पास आया। उसने दुकानों के कागजात की तस्वीर ले ली और फर्जी डीड तैयार कर अपने नाम पर कब्जा करने की कोशिश की। दलाल ने दुकान पर कब्जा भी कर लिया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। केस-2 कोतवाली थाना क्षेत्र के हेम प्लाजा में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने असामाजिक तत्वों पर फ्लैट पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कोतवाली थाने के साथ-साथ रेरा में भी मामला दर्ज कराया है। वृद्धा का कहना है कि पति की मौत के बाद कुछ लोग उन्हें परेशान करने लगे। फ्लैट बेचने का दबाव बनाया गया और डराने-धमकाने की कोशिश की गई। थाने में शिकायत करने के बाद उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। कानून का प्रावधान, लेकिन अमल नहीं ‘माता-पिता भरण-पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण अधिनियम, 2007’ और बिहार सरकार की 2012 की नियमावली के अनुसार, प्रत्येक थाने को अपने क्षेत्र में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सूची तैयार कर रखनी है। साथ ही, महीने में कम से कम एक बार उनसे मुलाकात करनी है। बिहार में बुजुर्गों की संख्या करीब सवा करोड़ हो चुकी है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था भी पुख्ता होनी चाहिए।


https://ift.tt/FermSn8

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top