मुजफ्फरपुर पुलिस ने गरहां ओपी क्षेत्र के सिधौल स्थित एक प्लाई फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में अंतरजिला गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई 14 लाख रुपये की नकदी, चेकबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। चोरी 9 फरवरी को हुई थी। अज्ञात चोरों ने सिधौल स्थित प्लाई फैक्ट्री से 51 एल्यूमिनियम प्लेट्स सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया था। फैक्ट्री मालिक संतोष कुमार ने अहियापुर थाना (गरहां ओपी) में अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। सिटी एसपी मोहिल्बुला अंसारी ने बताया कि इस टीम का अनुश्रवण एसडीपीओ टाउन ने किया, जबकि इसका नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 ने किया। टीम में जिला आसूचना इकाई (DIU) और गरहां ओपी प्रभारी भी शामिल थे। गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। 21 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड में संलिप्त एक मुख्य अभियुक्त कांटी थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। 14 लाख रुपये नकद जब्त संजीत कुमार की तलाशी के दौरान 14 लाख रुपये नकद, 8 चेकबुक, एक मोबाइल फोन और एक बिलिंग बुक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर गिरोह के एक अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। फिलहाल, बरामद रुपयों के स्रोत और चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क की जांच की जा रही है।
https://ift.tt/Aa9kbWj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply