भागलपुर में टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर नई-नई तकनीकों और नवाचार के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर रहे टीचरों को सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में रचनात्मक प्रयोगों को बढ़ावा देना और शिक्षकों के सराहनीय प्रयासों को मंच देना था। कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा मोबाइल, मेरी शिक्षा’ पहल की विशेष चर्चा रही। इसके तहत शिक्षक डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मोबाइल, वीडियो सामग्री और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल संसाधनों के उपयोग से बच्चों की सीखने की गति और समझ में सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है। समारोह में शिक्षकों की ओर से तैयार शैक्षणिक सामग्री और विभिन्न मॉडलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कागज के टुकड़ों, चार्ट और स्थानीय संसाधनों से तैयार शिक्षण सामग्री ने सबका ध्यान खींचा। प्रदर्शनी में बच्चों की रचनात्मकता और शिक्षकों की मेहनत साफ झलक रही थी। बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ रही है टीचर अर्चना मिश्रा ने बताया कि बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जाती है ताकि पढ़ाई उनके लिए बोझ न बने। कक्षा में कराई गई गतिविधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाता है, जिससे बच्चे घर पर भी अभ्यास कर सकें और अभिभावक भी उनकी प्रगति देख सकें। टीचर रंजीत कुमार ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षक नवाचार के जरिए बच्चों में सीखने की रुचि जगा रहे हैं। स्थानीय सामग्री से तैयार मॉडल बच्चों को विषय समझने में काफी मददगार साबित हो रहे हैं। समारोह में शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षा से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
https://ift.tt/nzisKB0
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply