DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पुलिस चौकी में ASI-होमगार्ड जवान की गोली लगने से मौत:PAK बॉर्डर के पास गुरदासपुर में कुर्सी-रजाई में मिलीं लाशें; गैंगस्टरों पर शक, BSF भी अलर्ट

गुरदासपुर में पंजाब पुलिस की चौकी में 2 मुलाजिमों की गोली लगने से मौत हो गई। एक की डेडबॉडी कुर्सी पर तो दूसरे की चारपाई में रजाई के अंदर मिली। मौत का पता तब चला, जब चौकी में किसी ने उनका फोन नहीं उठाया। मरने वालों में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार शामिल हैं। जिस आदियां पुलिस चौकी में इनकी लाश मिली, वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। उनकी मौत करीब रात 1 बजे होने का शक जताया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद वहां से करीब 4 खोल मिले। दोनों को गोली किसने और क्यों मारी, इसको लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। गांव के सरपंच से दोनों की मौत के बारे में पता चलते ही भारी पुलिस फोर्स वहां पहुंची। जिसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं PAK बॉर्डर से नजदीक की चौकी में पुलिसकर्मियों की हत्या को लेकर BSF की अलर्ट पर है। BSF के DIG एके विरदी ने चौकी पहुंचकर पूरे मामले के बारे में जानकारी ली। गुरदासपुर के SSP आदित्य ने बताया कि इन दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी इसी पुलिस चौकी में थी। इनके अलावा कोई तीसरा यहां तैनात नहीं था। ऑन ड्यूटी ही उनकी गोली लगने से मौत हुई है। पुलिस चौकी में मुलाजिमों की हत्या, जानिए पता कैसे चला पुलिस को शक, पहले ASI, फिर होमगार्ड को मारा
इंटेलिजेंस, CID और गुरदासपुर पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक यह हत्या हो सकती है। हमलावर जिस वक्त पुलिस चौकी में घुसे, ASI गुरनाम सिंह ड्यूटी पर था। वह चौकी में कुर्सी पर बैठा था और ठंड की वजह से हीटर सेक रहा था। उसके पास कार्बाइन थी। इसी दौरान हमलावर अंदर घुसे और सबसे पहले कुर्सी पर बैठे ASI के सिर में गोली मारकर हत्या की। यह भी संभावना है कि ASI उस वक्त कुर्सी पर बैठकर हल्की नींद में हो तो हमलावरों ने उसके सिर से सटाकर गोली मारी हो, जिस वजह से उसकी वहीं मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से होमगार्ड जवान जागा हो लेकिन उससे पहले ही हमलावर या उसके बाकी साथी वहां पहुंच गए, जहां होमगार्ड जवान आराम करते हुए नींद में था। हमलावरों ने अंदर जाकर उसकी छाती में गोलियां मारीं। इस दौरान करीब 6 राउंड गोलियां चलने के शक है लेकिन ये ज्यादा भी हो सकती हैं। जिस चौकी में वारदात, वह पुलिस पोस्ट जैसी
खास बात ये है कि जिस चौकी में ये वारदात हुई है, वह पूरी चौकी नहीं बल्कि एक पुलिस पोस्ट जैसी है। जहां एक कमरा बना हुआ है। जिसमें आराम करने के लिए बनाए कमरे में दरवाजे नहीं हैं। इसे बंद करने के लिए पॉलिथीन का पर्दा लगाया गया है। अगर यह हत्या है तो फिर हमलावरों ने इसकी पूरी तरह से रेकी की होगी। उन्हें पता था कि यह चौकी खानापूर्ति टाइप की है और यहां ज्यादा कर्मचारियों की भी तैनाती नहीं होती। पुलिस किस-किस एंगल पर जांच कर रही
गुरदासपुर पुलिस के सोर्सेज के मुताबिक दोनों की लाशें अलग-अलग मिली हैं, इससे यह संभावना खत्म हो जाती है कि उन्होंने आमने-सामने एक-दूसरे को गोली मारी है। एक संभावना यह बनती है कि ASI ने होमगार्ड जवान को गोली मारकर सुसाइड कर लिया हो लेकिन यह भी संभव नहीं क्योंकि ASI की कार्बाइन में गोलियां पूरी थीं। ऐसे में यह फिलहाल हत्या का ही मामला माना जा रहा है। शुरुआती टाइम में इसे आतंकी हमले से भी जोड़कर देखा गया क्योंकि यह चौकी PAK बॉर्डर से करीब डेढ़ किमी की ही दूरी पर है। इसी वजह से BSF के DIG भी हालात देखने पहुंचे। हालांकि उन्होंने इसके बाद इस हमले को लेकर कुछ नहीं कहा। इसके अलावा पुलिस भी आतंकी हमले जैसी बात को खारिज कर रही है क्योंकि अगर आतंकियों ने हमला किया होता तो फिर वह पुलिस का हथियार भी ले जा सकते थे लेकिन कार्बाइन वहीं मिली है। तीसरी संभावना, गैंगस्टरों के हमले की है। पुलिस भी इसी एंगल से जांच कर रही है। हाल ही में AAP सरपंच जरमल सिंह और हरबरिंदर सिंह की हत्या के बाद पोस्ट में जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टरों ने दावा किया था कि पुलिस झूठे एनकाउंटर कर रही है। जिसमें उनके साथियों को कत्ल किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस को शक है कि जिस तरह से कत्ल किया गया है, इसमें गैंगस्टरों का हाथ हो सकता है। उन्होंने किसी शूटर को भेजकर ये कत्ल करवाया हो सकता है। हालांकि अभी औपचारिक तौर पर पुलिस कुछ नहीं कह रही है। 2 मुलाजिमों की मौत पर SSP ने क्या कहा
गुरदासपुर के SSP आदित्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। पुलिस चौकी पर तैनात 2 पुलिस कर्मियों की गोली लगने से मौत हुई है। उनको गोली किसने मारी, अभी तक इसका कुछ पता नहीं लग पाया। उन्होंने कहा कि दोनों जवान मृतक हालत में चौकी के कमरे में मिले थे। फॉरेंसिक टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। उनसे जब पूछा गया कि इस मामले में आतंकी हमले या गैंगस्टरों के कत्ल करने से भी जोड़ा जा रहा है तो उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर ली है। हमारी तकनीकी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। दोनों मुलाजिम इंडियन रिजर्व बटालियन के थे। ASI की बेटी 2 महीने पहले विदेश गई
जानकारी के अनुसार, ASI गुरनाम सिंह गुरदासपुर में दीनानगर के गांव गादरी के रहने वाले थे। उनके परिवार में 2 बेटियां और एक बेटा है। इनमें से एक बेटी करीब 2 महीने पहले ही विदेश गई है। जबकि एक बेटी और बेटा यहीं पर पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं।


https://ift.tt/BkMVE6v

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *