शेखपुरा। रविवार को शेखपुरा प्रखंड की कटारी पंचायत के ऐझी मध्य विद्यालय में जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) शेखपुरा द्वारा स्वच्छता जागरूकता सह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ शेखपुरा के विधायक रणधीर कुमार सोनी और कटारी की मुखिया रिंकी कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में 200 से अधिक ग्रामीणों के स्वास्थ्य की मुफ्त जांच की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार ने मुख्य अतिथि विधायक और विशिष्ट अतिथि मुखिया का पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। विधायक रणधीर कुमार सोनी ने जेएनवी द्वारा आयोजित इस शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। मुखिया रिंकी कुमारी भी दिनभर शिविर के संचालन में सक्रिय रहीं और उन्होंने सभी ग्रामीणों तथा छात्रों से स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। मेडिकल कैंप में डॉ. रामाश्रय प्रसाद सिंह और डॉ. सुनील कुमार ने रोगियों को मुफ्त चिकित्सीय सलाह दी। नर्सिंग ऑफिसर गायत्री कुमारी और सीएचओ सुमन कुमारी ने शुगर और बीपी जैसी जांचें कीं। जेएनवी की ओर से स्टाफ नर्स आर.आर. सिन्हा और प्रभारी आशाब आलम द्वारा मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर में विधायक और मुखिया सहित कई ग्रामीणों ने अपनी जांच करवाई। इनमें सारो देवी, रुका देवी, बच्ची देवी, बच्चू मांझी, इंद्र देव प्रसाद, कैलाश प्रसाद, रोशन कुमार, महेंद्र कुमार और राकेश कुमार तमोली जैसे नाम शामिल हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रभारी अमित कुमार, पीजीटी अंग्रेजी सह मीडिया प्रभारी अरुण कुमार साह, तथा विद्यालय गाइड की छात्राएँ राजलक्ष्मी, सचिता, पुष्पांजलि, गजल भारती और पल्लवी सक्रिय सदस्य के रूप में उपस्थित थीं। डॉ. आर.पी. सिंह, प्राचार्य विनय कुमार और शिक्षक अरुण कुमार साह ने सैकड़ों उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी और स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी अरुण कुमार साह ने दी।
https://ift.tt/ChkAxLc
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply