DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

फरवरी में ही बढ़ी गर्मी, बिहार में पारा चढ़ा:पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री ऊपर, अगले दिनों में 33 पार के आसार

राजधानी समेत पूरे बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खासकर रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे सुबह और रात में भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। देखिए आज के मौसम की तस्वीर… पटना में कैसा रहेगा मौसम? राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। यह बढ़ोतरी फरवरी महीने के लिए असामान्य मानी जा रही है। सुबह के समय आर्द्रता 58 प्रतिशत तक रही, लेकिन दोपहर होते-होते इसमें गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 49 प्रतिशत तक पहुंच गई। दिन में हल्की पश्चिमी शुष्क हवाएं 7 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं, जिससे धूप का असर और अधिक महसूस हुआ। आज बिहार में कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्यभर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम शुष्क बना रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। धूप तेज रहेगी और दोपहर के समय हल्की गर्मी का एहसास हो सकता है। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि फरवरी के अंत तक दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। हालांकि रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं जताई गई है। क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक? मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल किसी ठंडी लहर या वर्षा प्रणाली के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण वातावरण में नमी कम हो रही है और दिन का तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में गर्मी का असर और स्पष्ट रूप से बढ़ सकता है।


https://ift.tt/jwgIaYp

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *