भास्कर न्यूज। पूर्णिया जलालगढ़ कृषि विज्ञान केंद्र में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय अभिमुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मियों को मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, यंत्रीकरण, मूल्य संवर्धन तथा रोग-कीट प्रबंधन से संबंधित नवीनतम जानकारियों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से आए 15 प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और तकनीकी सत्रों से लाभान्वित हुए।प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मखाना खेती के लिए खेत की तैयारी, जल प्रबंधन एवं वैज्ञानिक विधियों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के.एम. सिंह के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मखाना उत्पादन पूर्णिया जिले के किसानों के लिए आय का महत्वपूर्ण स्रोत है और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से इसकी उत्पादकता एवं गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकी ज्ञान को किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया।
द्वितीय तकनीकी सत्र में डॉ. अतिश सागर द्वारा मखाना उत्पादन में यंत्रीकरण एवं मूल्य संवर्धन विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने मखाना प्रसंस्करण, रोस्टिंग, पॉपिंग, ग्रेडिंग तथा पैकेजिंग में आधुनिक मशीनों के उपयोग से श्रम एवं समय की बचत तथा किसानों की आय में वृद्धि के बारे में विस्तार से बताया। तृतीय सत्र में डॉ. संगीता मेहता ने मखाना फसल में लगने वाले प्रमुख रोगों एवं कीटों की पहचान, रोकथाम तथा समेकित प्रबंधन के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने समय पर रोग-कीट नियंत्रण अपनाने से उत्पादन हानि को कम करने और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर डॉ. गोविंद कुमार, डॉ. राबिया परवीन, डॉ. संतोष तथा श्रीमती अनामिका ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने मखाना उत्पादन से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं पर विशेषज्ञों से चर्चा कर समाधान प्राप्त किया। यह कार्यक्रम आईसीटी के सौजन्य से कौशल्या फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्णिया के जिला समन्वयक सत्यनारायण प्रसाद, परियोजना प्रबंधक पीयूष पुष्कर तथा आईटीसी की प्रतिनिधि अंकिता उपस्थिति रही।
https://ift.tt/9N3siC4
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply