सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना पकवलिया गांव के समीप उस समय हुई, जब दम्पति बाइक से ससुराल से अपने घर लौट रहे थे। अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान पकवलिया गांव निवासी स्वर्गीय कमल राम का बेटा रंजीत राम (30) के रूप में की गई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल उनकी 28 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। दोनों बाइक से वापस अपने गांव पकवलिया लौट रहे थे परिजनों के अनुसार, रंजीत राम अपनी पत्नी के साथ रघुनाथपुर स्थित अपने ससुराल गए थे। वहां से दोनों बाइक से वापस अपने गांव पकवलिया लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दम्पति को आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रंजीत राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी गुड़िया देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया हुसैनगंज थाना प्रभारी मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक महिला गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने कहा कि अस्पताल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
https://ift.tt/WnSG9PV
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply