डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए गाजीपुर में विशेष अभियान:11 प्रशिक्षित जांचकर्ता कर रहे घर-घर लार्वा की जांच, पिछले साल की तुलना में केस कम

गाजीपुर में डेंगू, मलेरिया और फाइलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील पाण्डेय के नेतृत्व में अप्रैल से ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा है। नगरीय क्षेत्र में वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए 11 डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स को जुलाई में तैनात किया गया है। ये जांचकर्ता घरों में जाकर जमा पानी में मच्छरों के लार्वा की जांच कर रहे हैं। लार्वा मिलने पर उसका तत्काल नाश किया जा रहा है। बुधवार को जांचकर्ताओं ने नगर पालिका क्षेत्र के 523 घरों का निरीक्षण किया। कई घरों में मिले लार्वा के स्रोतों को साफ करवाया गया। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया गया। इस वर्ष डेंगू के मामलों में कमी देखी गई है। अब तक केवल 19 केस सामने आए हैं। पिछले साल इसी समय 89 मामले थे। 2022 में 16 मरीज मिले थे। गाजीपुर नगर पालिका क्षेत्र में इस साल अभी तक एक भी मामला सामने नहीं आया है। अधिकतर मरीज दूसरे जिलों और राज्यों से संक्रमित होकर आए हैं। सभी मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डेंगू वार्ड में केवल दो संभावित मरीज भर्ती हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर