बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे रहेगा। इससे 1.70 करोड़ विद्यार्थियों व 5.70 लाख शिक्षकों को फायदा होगा। यह जानकारी शुक्रवार को शिक्षामंत्री सुनील कुमार ने विधान परिषद में दी। डॉ. संजीव कुमार सिंह, अनिल कुमार, प्रो. वीरेंद्र कुमार यादव, नवल किशोर यादव समेत 20 सदस्यों ने यह मुद्दा उठाया। इसके जवाब में शिक्षामंत्री ने कहा कि इसके लिए अधिकारियों की टीम समीक्षा करेगी। उसके बाद शनिवार को स्कूलों में हाफ डे शुरू होगा। डॉ. उर्मिला ठाकुर के प्रश्न के जवाब में मंत्री ने विश्वविद्यालयों में डिजिटल मूल्याकंन, रिजल्ट सहित जानकारी शुरू करने की बात कही। सदस्य जीवन कुमार ने टीआरई-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के ट्रांसफर का मुद्दा उठाया। शिक्षामंत्री ने कहा कि बजट सत्र के बाद इन शिक्षकों का ट्रांसफर किया जाएगा। प्रधानाध्यापकों के पारस्परिक ट्रांसफर की भी समीक्षा होगी। जानकारी के मुताबिक बिहार में टीआरई-3 से 72 हजार शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। वहीं, जीवन कुमार, प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव, प्रो. संजय कुमार ने शिक्षक-कर्मियों की ईपीएफ कटौती के बाद भी खाते में राशि नहीं जमा करने का मुद्दा उठाया। इस पर सुनील कुमार ने कहा कि सभी जिलों में जांच के बाद कार्रवाई करेंगे। उन्होंने डॉ. अजय कुमार सिंह और डॉ. मदन मोहन झा के प्रश्न के जवाब में कहा कि बिहार की सभी अकादमी को एकीकृत कर कमियां दूर की जाएंगी। प्रो. नवल किशोर यादव, डॉ. संजीव कुमार सिंह ने पाटलिपुत्र, मुंगेर, पूर्णिया विवि के कुलपति पर अनियमितता का आरोप लगाया। प्रो. नवल ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्राइवेट एजेंसी से कर्मचारी रखे जाते हैं। नए कुलपति की नियुक्ति के साथ ही पुरानी एजेंसी से आए कर्मचारियों को हटा दिया जाता है। इसी दौरान सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी कहा- इसकी जांच होनी चाहिए। इस पर शिक्षामंत्री ने कहा कि आडिट टीम विश्वविद्यालयों की जांच कर रही है। पाटलिपुत्र, मुंगेर और पूर्णिया विवि की अलग से जांच की जाएगी। शिक्षकों के एचआरए में एकरूपता होगी डॉ. मदन मोहन झा, प्रो. संजय कुमार सिंह, कुमार नागेंद्र ने सरकारी शिक्षकों के एचआरए में अंतर का मुद्दा उठाया। इस पर सुनील कुमार ने कहा- देश में 5 स्लैब में एचआरए मिलता है। दिल्ली में सबसे अधिक है। जबकि बिहार में 4 स्लैब में 5 से 10% एचआरए मिलता है। ऐसे में शिक्षकों की नियुक्ति के आधार पर एचआरए में एकरूपता होगी। सभी जिलों में दुष्कर्म की घटनाएं हो रहीं : राबड़ी
विधान परिषद में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार पर अपराध को लेकर निष्क्रिय होने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार के सभी जिलों में छोटी लड़कियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। सरकार इसके लिए क्या कर रही है। इसका जवाब देना चाहिए। सुनील कुमार ने कहा- फरवरी में ही दुष्कर्म की 36 घटनाएं हुई हैं। सरकार नेता, रिटायर्ड अधिकारियों को पकड़ रही है। जबकि अपराधियों के पकड़ने में अक्षम है। उन्होंने सभापति को सूची देने के साथ ही 23 फरवरी को बहस करने की मांग की। इसपर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो रही है।
https://ift.tt/1QpUbFN
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply