DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

आपदा के समय लापरवाही बर्दाश्त नहीं-DM:अधिकारियों को समन्वय के निर्देश दिए, सुपौल में भूकंप की तैयारी को लेकर बैठक

समाहरणालय सुपौल स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), नई दिल्ली द्वारा आयोजित होने वाले भूकम्प परिदृश्य अभ्यास की पूर्व तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। बैठक में संभावित भूकम्प की स्थिति में त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आपदा के समय किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग अपनी भूमिका के अनुरूप तैयार रहें। इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, अपर समाहर्त्ता सच्चिदानंद सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहु, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अमित कुमार, 9वीं वाहिनी थुमहा कैंप पिपरा के उप कमांडेंट/टीम लीडर सहित कई संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान एनडीआरएफ की ओर से आए प्रशिक्षक द्वारा भूकम्प से बचाव, राहत एवं रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत पीपीटी प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति में आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपाय, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र तथा विभिन्न एजेंसियों की जिम्मेदारियों को विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों को मॉक ड्रिल के दौरान अपनाई जाने वाली कार्ययोजना से भी अवगत कराया गया। जिलाधिकारी सावन कुमार ने अपर समाहर्त्ता को निर्देशित किया कि 26 फरवरी 2026 को प्रस्तावित भूकम्प अभ्यास के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।


https://ift.tt/XxcoL4H

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *