मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के डुमरियाही गांव में अवैध आरा मिल की जांच करने गई वन विभाग की टीम पर हमला हुआ है। इस हमले में वन विभाग के तीन कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरा मिल संचालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीताराम ठाकुर और जगदेव ठाकुर के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार को हुई, जिसके बाद गुरुवार को वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी के आवेदन पर रुद्रपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। झंझारपुर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अर्जुन प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में वन विभाग का 10 सदस्यीय जांच दल बुधवार को डुमरियाही गांव पहुंचा था। टीम कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित आरा मिल के लाइसेंस की जांच कर रही थी। फोटो-वीडियो बनाने पर मिल संचालक हुआ उग्र जांच के दौरान जब संचालकों से लाइसेंस की मांग की गई और आरा मिल का फोटो-वीडियो बनाया जाने लगा, तो आरा मिल संचालक उग्र हो गए। आरोप है कि सीताराम ठाकुर और जगदेव ठाकुर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जांच दल पर कुदाल, कुल्हाड़ी, लाठी और रॉड जैसे धारदार व भारी हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में वन रक्षी रूही कुमारी, नजराना खातून और महेश कुमार घायल हो गए। घायलों का इलाज अंधराठाढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अर्जुन प्रसाद गुप्ता ने बताया कि रुद्रपुर थाना पुलिस के सहयोग से वन विभाग की टीम जांच पर निकली थी। हमला होते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद हथियारों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रुद्रपुर थाना लाया गया। ASI की मौजूदगी में हुई घटना घटना के समय रुद्रपुर थाना के एएसआई संतोष कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद थे। जांच दल में फोरेस्टर कुमार गौरव, अभिषेक कुमार, वन रक्षी धर्मवीर कुमार, कुंदन कुमार, बृजनंदन कुमार सहित अन्य कर्मी और चालक रामसूरत दास शामिल थे। इस मामले में अन्य आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
https://ift.tt/0NctFfU
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply