भाकपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन:मऊ में जमीन अधिग्रहण का विरोध, सीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

मऊ के कलेक्ट्रेट परिसर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। आवास विकास परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा ग्राम शहरोज में जारी भूमि अधिग्रहण नोटिस में स्थानीय वास्तविकताओं की अनदेखी की गई है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार इस नोटिस से सार्वजनिक और वैधानिक हितों को नुकसान हो रहा है। दिगम्बर अखाड़ा बस्ती में रहने वाले गरीब भूमिहीन और अति पिछड़ी जातियों के लोगों को अधिग्रहण प्रक्रिया की पूर्व सूचना नहीं दी गई। इन लोगों को अपना पक्ष रखने का मौका भी नहीं मिला। यहां 40-50 वर्षों से रह रहे लोगों के वैधानिक अधिकारों की भी अनदेखी की गई है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान ग्राम प्रधान और कुछ स्वार्थी तत्व प्राधिकारियों से मिलकर भूमि का मुआवजा हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह भूमि वर्षों से स्थानीय लोगों के कब्जे में है। भाकपा के वरिष्ठ नेता रामसोच यादव की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने अधिग्रहण प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर