DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत

भास्कर न्यूज | करपी थाना मुख्यालय के निकट फुलवान बीघा स्थित तालाब में बुधवार को डूबने से एक 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक की पहचान फुलवान बीघा निवासी मुकेश कुमार के 11 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य अपने दो दोस्तों के साथ दोपहर के समय गांव के पास ही स्थित तालाब में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद उसके दोस्तों को पहले लगा कि वह मजाक में पानी के अंदर डुबकी लगाए हुए है, इसलिए उन्होंने शोर नहीं मचाया। कुछ मिनट बीत जाने पर भी जब आदित्य पानी से बाहर नहीं आया, तब दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और युवक वहां पहुंचे तथा उसे खोजबीन कर पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे करपी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पिता-माता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंची तथा आवश्यक पूछताछ की। गांव वालों ने बताया कि यह तालाब काफी गहरा है और अक्सर बच्चे यहां स्नान करने आते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के किनारे सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।


https://ift.tt/t2e4QLu

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *