यमुना में डूबे 9 साल के बच्चे का मिला शव:कौशांबी में दोस्तों के साथ नहाने गया था, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के पिपरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। औधन गांव स्थित यमुना नदी घाट पर नहाने गए 9 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। दीपक मंगलवार शाम को अपने दोस्तों के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से जाल डालकर बच्चे की तलाश की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मंगलवार शाम से चली तलाश में बुधवार सुबह दीपक का शव यमुना नदी में तैरता मिला। मृतक के पिता प्रमोद रैदास दिल्ली में रहकर काम करते हैं। एसओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply