कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के वाजिदपुर इलाके में एक बुजुर्ग महिला पर पड़ोसी कारखाना संचालक ने लोहे की सरिया से हमला कर दिया। इस हमले में 55 वर्षीय महिला का हाथ टूट गया। घायल महिला की बेटी की शिकायत पर शनिवार को जाजमऊ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित शबाना बेगम (55) ने बताया कि वह अपने पति शमशाद अली और बेटे आशिफ़ अली के साथ रहती हैं। 28 जनवरी को पड़ोसी कारखाना संचालक की बकरी उनके घर में घुस गई थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो कारखाना संचालक खालिद, उसके परिवार और मजदूरों ने घर के बाहर आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। शबाना के विरोध करने पर खालिद ने उन पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद, आरोपियों ने उनके बेटे आशिफ़ पर भी लाठी-डंडों से हमला किया। शबाना का आरोप है कि इस पिटाई के बाद से उनका बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया है। शबाना ने बताया कि पिछले चार महीने से कारखाना संचालक खालिद और जाहिद की बकरियां उनके घर में घुसकर नुकसान कर रही थीं। उन्होंने 15 से अधिक बार खालिद से इसकी शिकायत की थी, लेकिन खालिद समझाने के बजाय उन्हें धमकाता था। 28 जनवरी को बकरी का विरोध करने पर आरोपी उग्र हो गए और उन पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच के बाद इस मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/cATBjSu
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply