DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

नए गंगा पुल पर भीषण जाम, एंबुलेंस फंसी:उन्नाव में एक घंटे तक परेशान रहे लोग, आरोप- समय पर नहीं पहुंचे पुलिसकर्मी

उन्नाव के नवीन गंगा पुल पर शनिवार देर रात एक घंटे से अधिक समय तक भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही, जिससे मरीज और उसके परिजनों की मुश्किलें बढ़ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात नौकरी से घर लौट रहे लोग इस जाम में फंसकर करीब एक घंटे तक परेशान होते रहे। दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई थी। पुल के दोनों छोर पर वाहनों की कतारें लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जाम की सूचना मिलने के बावजूद जिम्मेदार पुलिसकर्मी मौके पर समय से नहीं पहुंचे। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में होने के बावजूद यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिखी। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस समय रहते पहुंच जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। जाम के दौरान सबसे अधिक परेशानी एंबुलेंस में सवार मरीज को हुई। एंबुलेंस चालक बार-बार हॉर्न बजाकर रास्ता देने की अपील करता रहा, लेकिन वाहनों की भीड़ और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। करीब एक घंटे बाद जाम खुलने पर ही एंबुलेंस अपने गंतव्य की ओर जा सकी। रात के समय पुल पर लगे इस जाम ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नवीन गंगा पुल उन्नाव और कानपुर को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है, जहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन को लेकर प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नवीन गंगा पुल पर यातायात पुलिस की स्थायी तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियों से बचा जा सके। साथ ही, जाम की स्थिति में त्वरित राहत के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जानी चाहिए।


https://ift.tt/RcTyHV1

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *