सिद्धार्थनगर सदर थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में एक प्राचीन कुएं से गौवंश के अवशेष मिलने से शनिवार को इलाके में हड़कंप मच गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुएं से गौवंश का सिर और खाल बरामद की है। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे को बजरंग दल कार्यकर्ताओं से देवपुर गांव के एक पुराने कुएं में गौवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बृजेश पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके पर कुएं की घेराबंदी कर जांच शुरू की, जिसमें कुएं के अंदर से गौवंश का सिर और खाल बरामद हुई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भी चर्चा का विषय बन गई। किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती। इस मामले में ग्राम प्रधान की ओर से सदर थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर में अज्ञात लोगों द्वारा जानबूझकर गौवंश के अवशेष कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई गई है। ग्राम प्रधान ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कुआं काफी पुराना है और गांव की पहचान से जुड़ा है, जिससे इस घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने मामले की जांच के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया है। वेटनरी डॉक्टर द्वारा बरामद अवशेषों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवशेष किस पशु के हैं और घटना कितने समय पहले की है। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
https://ift.tt/dNhIYz9
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply