सम्भल की तहसील चन्दौसी में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा और शिव बारात को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शिव भक्तों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी चन्दौसी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पर्व से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण कराने की मांग की गई। शिव भक्तों ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व 14 और 15 फरवरी 2026 को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 13 फरवरी को हजारों शिवभक्त राजघाट गंगा के लिए प्रस्थान करेंगे। 14 फरवरी को श्रद्धालु राजघाट से नंगे पैर पैदल कांवड़ लेकर मझावली, नेहटा होते हुए खुर्जा गेट मार्ग से नगर में प्रवेश करेंगे। इसी दिन सायं 4 बजे से खुर्जा गेट स्थित कांवड़ वाली धर्मशाला से शिव बारात का आयोजन किया जाएगा, जो नगर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रहने की संभावना है। ज्ञापन में शिव भक्तों ने मांग की कि 14 फरवरी को बबराला–बहजोई–चन्दौसी मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। साथ ही यात्रा मार्ग पर पुलिस बल, यातायात पुलिस, एम्बुलेंस एवं चिकित्सक दल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त 14 एवं 15 फरवरी को विद्युत कटौती न किए जाने, मझावली–नेहटा–चन्दौसी मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, शिव बारात के मार्ग में पड़े गड्ढों व लोहे के जालों को ठीक कराने तथा नगर के सभी मंदिरों में साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई। शिव भक्तों ने प्रशासन से अपील की कि इस महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कराई जाएं। ज्ञापन देने वालों में ज्ञान प्रकाश शर्मा, शुभम अग्रवाल, सभासद शिवकुमार सैनी, सभासद नक्षीकांत शर्मा, सभासद निशांत शर्मा, श्री कांवड़ सेवा समिति के उपाध्यक्ष तरुण कुमार नीरज सहित अन्य शिव भक्त उपस्थित रहे।
https://ift.tt/Ba8iPZA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply