सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक दृष्टिबाधित युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर के बाद युवक पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। अकबरपुर निवासी राज कुमार पुत्र मिश्री लाल (35), जो दृष्टिबाधित थे, शनिवार शाम एक छोटे बच्चे के साथ लहरपुर-बिसवां मार्ग पर सड़क के किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बिसवां की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राज कुमार सड़क पर गिर पड़े और उसी समय पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि साथ चल रहा बच्चा सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम अकबरपुर में सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया है, जिससे सड़क संकरी हो गई है। इसके कारण वाहनों के आवागमन में लगातार दिक्कतें होती हैं और हादसों की आशंका बनी रहती है। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात कार की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।
https://ift.tt/1MoeQVb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply