करहल थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। हेमलता नामक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ना, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। हेमलता ने बताया कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2018 को नागेन्द्र यादव से हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी उसे कम दहेज लाने का ताना देकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। ससुराल पक्ष द्वारा दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। पीड़िता के अनुसार, 16 जून 2025 को जब वह घर में खाना बना रही थी, तब पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने मिलकर उसकी पिटाई की। आरोप है कि इस दौरान ससुर ने उसे जान से मारने की नीयत से बंदूक तान दी थी। हेमलता के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे उसकी जान बच सकी।
हेमलता ने यह भी आरोप लगाया कि उसी दिन उसके पति ने मारपीट कर उसका सारा स्त्रीधन छीन लिया और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने ससुराल से अलग रह रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति अब बिना तलाक दिए दूसरी महिला से 10 फरवरी 2025 को शादी करने की तैयारी कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जान से मारने की कोशिश और दूसरी शादी की साजिश के संबंध में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
https://ift.tt/BNc9TLM
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply