DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

एमएलके पीजी कॉलेज में मेधावियों को मिला स्वर्ण पदक:संस्थापक प्रकाशोत्सव पर 10-10 हजार रुपये देकर किया सम्मानित

बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में शनिवार को आदि संस्थापक महाराजा सर पाटेश्वरी प्रसाद सिंह की स्मृति में संस्थापक प्रकाशोत्सव पर्व श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्नातक और परास्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक और 10-10 हजार रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक मंगलदेव सिंह, महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव रिटायर्ड कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय, संयुक्त सचिव बी.के.सिंह और प्राचार्य प्रो. जे.पी.पाण्डेय ने महाराजा सर पाटेश्वरी प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इससे पहले छात्रा शगुन ने स्वस्तिवाचन और महाविद्यालय कुलगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक मंगलदेव सिंह ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सफलता उसकी प्रबंध समिति, प्राचार्य, शिक्षकों और छात्रों पर निर्भर करती है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य छात्र-छात्राओं में मानवीय मूल्यों का विकास करना है। प्रबंध समिति के सचिव रिटायर्ड कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय ने संस्थापक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महाराजा साहब ने ऐसे समय में यह शिक्षालय प्रदान किया, जब तराई अंचल में कोई अन्य शिक्षण संस्थान नहीं था। उन्होंने इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया। संयुक्त सचिव बी.के.सिंह ने कहा कि संस्थापक के उद्देश्यों के अनुरूप निरंतर प्रयास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्राचार्य प्रो. जे.पी.पाण्डेय ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह ने भी श्रद्धांजलि उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान ने किया। इस अवसर पर बीए, एमए, बीएससी, एमएससी, बीकॉम, एमकॉम, बीएड, बीबीए और बीसीए के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक और दस-दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. अरविन्द द्विवेदी, प्रो. वीणा सिंह, प्रो. रेखा विश्वकर्मा, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. आलोक शुक्ल सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, प्राध्यापकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


https://ift.tt/yAgxkfn

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *