एटा जिले में एक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मलावन थाना क्षेत्र के छछैना के पास जीटी रोड पर एक कंटेनर ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मलावन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर को पकड़ लिया। हालांकि, चालक अभी भी फरार है। पुलिस के अनुसार यूपी 82 टी 1704 नंबर का ऑटो एटा से मलावन की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे आरजे 32 जीसी 4053 नंबर के कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक नशे की हालत में था। इस हादसे में निगोह हसनपुर निवासी रामबहादुर (65), मलावन थाना क्षेत्र के छछैना निवासी गुड्डी देवी (47) और बलबीर सिंह (50) घायल हुए हैं। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मलावन थाना प्रभारी आर के सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। ऑटो चालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कंटेनर को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
https://ift.tt/2MmHn8d
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply