गोंडा में परसपुर पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार के इनामी आरोपी रितिक सिंह उर्फ बिल्लू को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को गोंडा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रितिक सिंह ने अपने साथियों मलखान सिंह, जाकिर, रिजवान, सनी और योगेश के साथ मिलकर परसपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर डेहरास स्थित कंपोजिट बीयर की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी के बाद सभी आरोपी पैसे बांटकर फरार हो गए थे।इन आरोपियों ने धर्मनगर स्थित एक बीयर की दुकान में भी इसी तरह की चोरी की थी। इन सभी के खिलाफ परसपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त, रितिक सिंह के खिलाफ परसपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है, जिसमें वह लगातार फरार चल रहा था। गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रितिक की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई, तो देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी। यूपी एसटीएफ के निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला ने अपनी टीम के उपनिरीक्षक प्रताप नारायण सिंह, मुख्य आरक्षी दिलीप यादव, कुलदीप सिंह, गिरजा शंकर यादव और शिव भोला शुक्ला के साथ मिलकर इस गिरफ्तारी अभियान को अंजाम दिया। टीम ने परसपुर थाने की पुलिस के साथ हरियाणा में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा। परसपुर थाना अध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि रितिक सिंह ने उनके थाना क्षेत्र की कई बीयर और शराब की दुकानों में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा भी दर्ज है और अब उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
https://ift.tt/HlMSYpb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply