बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बारात में शामिल होने जा रहे दो सगे भाइयों पर थार सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जानबूझकर उनकी कार को टक्कर मारी और फिर कई बार आगे-पीछे कर कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार शुक्ला पुत्र स्वर्गीय जगदम्बा प्रसाद शुक्ला, निवासी ग्राम पखरपुर मजरे त्रिवेदीगंज, थाना लोनीकटरा, अपने भाई शशांक शुक्ला के साथ गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बारात में जा रहे थे। शशांक शुक्ला अपनी स्विफ्ट कार (UP32 QZ 5040) चला रहे थे। बताया गया कि जैसे ही उनकी कार त्रिवेदीगंज अंडरपास के नीचे पहुंची, एक थार महिंद्रा वाहन ने उनकी कार में जानबूझकर जोरदार टक्कर मार दी। पीड़ितों का आरोप है कि इसके बाद थार सवारों ने उनकी कार को कम से कम 10 बार आगे-पीछे कर टक्कर मारी, जिससे दोनों भाई दहशत में आ गए। पीड़ितों के अनुसार, जब हमलावरों को लगा कि कार सवारों की जान चली गई है, तब दोनों थार वाहन (जिनके नंबर मौके पर ज्ञात नहीं हो सके) वहां से भाग गए। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि हमलावरों में करन वर्मा पुत्र सुशील वर्मा, निवासी मंगलपुर मजरे ककरी, थाना लोनीकटरा सहित करीब 6 अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। सभी हमलावर दो थार वाहनों में सवार थे। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने वाहन की खिड़की से अवैध असलहा लहराया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। लोनीकटरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
https://ift.tt/NuMbe6U
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply