उन्नाव की पुरवा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक 90 वर्षीय वृद्ध महिला अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के सामने पहुंची। महिला ने जिलाधिकारी को बताया कि उसे सरकारी कागजों में ‘मृत’ घोषित कर दिया गया है, जिसके कारण उसकी वृद्धा पेंशन डेढ़ वर्ष से बंद है। पीड़ित महिला की पहचान महाराना के रूप में हुई है, जो पुरवा तहसील क्षेत्र के ग्राम पत्योलादासी, ब्लॉक हिलौली की निवासी है। वह पूर्व प्रधान के साथ समाधान दिवस में आई थी। महिला ने बताया कि जब उसने पेंशन बंद होने का कारण पता किया, तो उसे जानकारी मिली कि ब्लॉक स्तर पर उसे ‘मृतक’ दर्शाया गया है। वृद्धा ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि पेंशन बंद होने से उसे दवा और भोजन की व्यवस्था करने में कठिनाई हो रही है। उसने यह भी बताया कि वह इस संबंध में अब तक तीन बार जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दे चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। यह चौथी बार था जब वह न्याय की उम्मीद में समाधान दिवस में पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से जानकारी मांगी। प्रारंभिक जांच में यह मामला ब्लॉक हिलौली से जुड़ा पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत हिलौली के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की और लापरवाही के लिए फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वृद्ध महिला को तत्काल जीवित घोषित कर उसके रिकॉर्ड दुरुस्त किए जाएं और उसकी बंद पेंशन को शीघ्र बहाल किया जाए। साथ ही, उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के भी आदेश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।
https://ift.tt/mIVPESB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply