मऊ जनपद में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) शनिवार से शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिले भर में कुल 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां यह परीक्षा दो दिनों तक, प्रत्येक दिन दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन शनिवार को प्रथम पाली में 39 केंद्रों पर 17,355 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं, द्वितीय पाली में 29 केंद्रों पर 13,744 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। रविवार को प्रथम पाली में सभी 42 केंद्रों पर 18,720 पंजीकृत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि द्वितीय पाली में 28 केंद्रों पर 13,104 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट और एक पर्यवेक्षक तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, सचल दल की टीमें भी लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा 7 और 8 फरवरी को दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है। जनपद में कुल 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और चारों पालियों को मिलाकर लगभग 50 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, तैनात किया गया है। जोनल व सेक्टर अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर निगरानी कर रहे हैं। अब तक किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है।
https://ift.tt/6u2TDIj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply