DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

इटावा रिश्वत वीडियो पर मंत्री का कड़ा बयान:डीपीआरओ मामले में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, केंद्रीय बजट की सराहना की

इटावा विकास भवन में तैनात डीपीआरओ बनवारी लाल के 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के वायरल वीडियो मामले में जिला प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की छवि धूमिल करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री प्रजापति ने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी से विस्तृत जानकारी ली जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ निश्चित कार्रवाई की जाएगी। चौबिया क्षेत्र के बख्तियारपुरा में बने टोल प्लाजा के संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह मामला मीडिया के माध्यम से उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि यह टोल प्लाजा नियमों या निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाता है, तो संबंधित विभाग से बात कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इसके उपरांत, मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने लोकसभा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट देश के विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
मंत्री ने इस बजट को भारत को तेजी से आगे बढ़ाकर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने जानकारी दी कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि और युवाओं को विकास का मुख्य आधार बनाया गया है। मंत्री प्रजापति ने आगे कहा कि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, रेलवे आधुनिकीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग, लॉजिस्टिक कॉरिडोर, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। इससे प्रदेश के विकास को नई गति प्राप्त होगी। इस प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विमल भदौरिया, जिला मंत्री जितेंद्र गौड़, रजत चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, कृपा नारायण तिवारी, सतेंद्र राजपूत, सीपू चौधरी और समीर सक्सेना सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


https://ift.tt/dF65xTX

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *